रायपुर। भाजपा द्वारा देश के सभी जिलों में सीएए को लेकर आयोजित की जा रही प्रेस वार्ता के तहत रायपुर में केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के साथ मीडिया को संबोधित किया।
गंगवार ने कहा कि आजादी के तत्काल बाद जो काम हो जाना था, उसे तत्कालीन सरकार नहीं कर पाई। यह कानून नागरिकता देने का है, लेने का नही। कुछ लोग महज स्वार्थ के लिए इसे राजनैतिक मुद्दा बना रहे हैं।
वहीं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के एनआरसी फॉर्म नहीं भरने के बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने पलटवार करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ नागरिकता नहीं दे सकता। यह केंद्र का मसला है। इसमें वो काहे कूद रहे हैं भाई।
उन्होंने कहा कि सीएए और एनआरसी को लेकर जो विरोध है, वह ममता बनर्जी और बाकी लोगों का प्रायोजित आयोजन है। वहीं केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने कहा कि देश के फेडरल स्ट्रक्चर को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दुनिया के जिस किसी भी हिस्से में हिन्दू समाज प्रताड़ित हुआ है तो उसे संरक्षण हिंदुस्तान ही देता आया है।
अगर गैर मुस्लिम आबादी पाकिस्तान में घट रही है, को उन्हें यदि यहां संरक्षण नहीं दिया जाएगा तो कहाँ मिलेगा। उन्होंने कहा कि हम महसूस करते हैं कि बहुत ज्यादा बोलने की जरूरत नहीं है।