छग में बारिश के बाद कड़ाके की ठंड, अब घने कोहरे की चेतावनी
पिछले कुछ दिनों से लगातार दिन का तापमान औसत तापमान से नीचे है।
रायपुर। प्रदेश में ठंड, शीतलहर और बारिश के बाद अब कोहरे के कहर से लोग परेशान हैं। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश भर में कोहरा छाए रहने से दिन में भी दृश्यता कमजोर हो गई है। अगले 24 घंटे में प्रदेश भर में कोहरा छाया रहेगा। शनिवार को भी प्रदेश के एक या दो स्थानों पर बारिश हुई है। नारायणपुर, फरसगांव, माकड़ी में तीन सेंटी मीटर, ओरछा, कोंडागांव में दो सेमी, रामानुगंज, भैरमगढ़ में एक सेमी बारिश हुई। हल्की वर्षा या गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
प्रदेश भर में दिन का तापमान नीचे : पिछले तीन दिन से लगातार दिन का तापमान औसत तापमान से नीचे है। इससे दिन में ही ठंडक अधिक महसूस हो रही है। रात में दुर्ग को छोड़कर प्रदेश के सभी संभागों में सामान्य से अधिक तापमान रिकार्ड हुआ है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 12 डिग्री अंबिकापुर में और सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 26.4 डिग्री रिकार्ड हुआ।
रायपुर में शनिवार की सुबह बूंदाबांदी और कोहरा छाया रहा। इससे सुबह कड़ाके की ठंड महसूस हुई। शहर में दिन का तापमान रात के तापमान की तुलना में तीन डिग्री नीचे रहा। शुक्रवार को जहां रायपुर में अधिकतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से आठ डिग्री कम था। वही शनिवार को हालांकि बढ़कर 24.4 डिग्री से. पहुंच गया।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक सुबह हल्की से मध्यम कोहरा छाया रहेगा। बाद में आकाश साफ रहेगा। शहर का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 24 डिग्री से. और 14 डिग्री से. न्यूनतम तापमान रिकार्ड किया गया।