तानाजी – अनसंग वॉरियर तीसरे हफ़्ते में नई रिलीज़ फ़िल्मों के मुक़ाबले तानाजी ने अच्छी कमाई की है। ट्रेड जानकारों का अनुमान है कि सोमवार (27 जनवरी) को तानाजी ने 4.03 करोड़ का कलेक्शन किया और 18 दिनों का नेट कलेक्शन अब 228.96 करोड़ हो चुका है।
तानाजी अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी फ़िल्म बन चुकी है। इससे पहले 2017 में आयी गोलमाल अगेन ने उन्हें 200 करोड़ क्लब में एंट्री दिलवाई थी, मगर अब लगता है कि तानाजी 250 करोड़ तक कलेक्शन कर सकती है।
तानाजी ने 200 करोड़ क्लब में शाह रुख़ ख़ान की चेन्नई एक्सप्रेस के लाइफ़ टाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। 2013 में आयी चेन्नई एक्सप्रेस ने 226.70 करोड़ का कलेक्शन किया था। संयोग से इस फ़िल्म का निर्देशन अजय के ख़ास दोस्त रोहित शेट्टी ने किया था और फ़िल्म में शाह रुख़ ख़ान के साथ दीपिका पादुकोण ने मुख्य किरदार निभाये थे। अब तानाजी के निशाने पर सलमान ख़ान की किक है, जिसने 233 करोड़ का कलेक्शन किया था। उम्मीद है कि मंगलवार को तानाजी किक से आगे निकल जाएगी।
तानाजी इस साल अजय की पहली रिलीज़ फ़िल्म है। सिर्फ़ अजय ही नहीं इंडस्ट्री को भी फ़िल्म की सफलता से ठोस शुुरुआत मिली है। साल के पहले महीने में 200 करोड़ कमाने वाली फ़िल्म मिलने से इंडस्ट्री का हौसला भी बढ़ता है।
दूसरे हफ़्ते में तानाजी को मिले 78 करोड़
गुरुवार (23 जनवरी) को तानाजी ने दो हफ़्ते पूरे किये। दूसरे हफ़्ते में तानाजी की 2000 स्क्रींस ही रह गयी थीं। दूसरे शुक्रवार को फ़िल्म ने 10.06 करोड़, शनिवार को 16.36 करोड़ और रविवार को 22.12 करोड़ जमा किये थे। इसके बाद सोमवार को 8.17 करोड़, मंगलवार को 7.72 करोड़, बुधवार को 7.09 करोड़ और गुरुवार को 7.02 करोड़ बटोरे थे। दूसरे हफ़्ते में फ़िल्म ने 78.54 करोड़ का कलेक्शन किया।