देवरिया : वृद्ध की गोली मारकर हत्या करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार
रविवार को मुखबिर ने अभियुक्तों के बारे में एसओजी और पुलिस को सूचना दी।
देवरिया। मोटरसाइकिलों की टक्कर के विवाद में बदमाशों ने मुर्गी फार्म मॉलिक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। एसओजी टीम ने रविवार को हत्याकांड के दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
हत्याकांड का खुलासा अपर पुलिस अधीक्षक शिष्यपाल ने किया। खामपार थाना क्षेत्र के राजपुर गांव के रहने वाले सुभाष सिंह (60) तीन जुलाई की शाम को चौराहे पर पान खाने बाइक से गए हुए थे।
जहां से वापस आते समय चौराहे के समीप सामने से आ रही दूसरी बाइक ने ठोकर मार दिया। जिससे दोनों सवारों में विवाद हो गया। दूसरे बाइक पर पीछे बैठे एक युवक ने असलहा से वृद्ध के ऊपर फायर झोंक दिया। जिससे वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों की तहरीर पर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष खामपार और एसओजी टीम अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने लगी। रविवार को मुखबिर ने अभियुक्तों के बारे में एसओजी और पुलिस को सूचना दी।
हत्या की वारदात को अंजाम देना स्वीकार
एसओजी की टीम ने भवानीछापर बिहार बार्डर पुलिया के पास से दो युवकों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में युवकों ने अपना नाम शैलेन्द्र कुमार सिंह कुशवाहा पुत्र चन्द्रमा सिंह निवासी कवई थाना मीरगंज जनपद गोपालगंज बिहार और अभिषेक कुमार सिंह कुशवाहा पुत्र रामेश्वर सिंह कुशवाहा निवासी परगसहा थाना खामपार बताया।
पूछताछ में बदमाशों ने सुभाष सिंह की हत्या की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। साथ ही बताया कि फरवरी 2020 में खामपार थाना के चकिया कोठी के पास लूट के इरादे से एक व्यक्ति को गोली मार दिया था।
जिससे वह घायल हो गया था। गिरफ्तार अभियुक्त शैलेन्द्र कुमार कुशवाहा के पास से एक तमन्चा, दो जिन्दा कारतूस व एक खोखा कारतूस बरामद हुआ।
बाइक की चाबी के सहारे अभियुक्त तक पहुंची पुलिस
तीन जुलाई की शाम को दो बाइकों की भिड़ंत के बाद हुए विवाद में वृद्ध ने बदमाशों की बाइक की चाबी निकाल ली थी। जिसे लेकर बदमाश वृद्ध को गोली मार दिया था।
बाइक की चाबी मृतक के पास होने के चलते बाइक सवार गाड़ी छोड़कर फरार हो गए थे। मौके से मिली बाइक के आधार पर पुलिस बदमाशों तक पहुंच सकी। बाइक की चाबी मृतक की जेब में अस्पताल में बरामद हुई थी।