नई दिल्ली: आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद फरार विकास दुबे अभी तक फरार है। हालांकि पुलिस को उसके गुर्गो को पकड़ने में कामयाबी हासिल हुई है। मुठभेड़ में अमर दुबे का एनकाउंटर करने के बाद पुलिस ने विकास के एक अन्य साथी श्यामू बाजपेयी को गिरफ्तार किया है। इसी के साथ पुलिस ने विकास पर इनामी राशि को बढ़ाकर 5 लाख कर दिया है।
पुलिस ने कहा कि हमीरपुर में विकास दुबे के करीबी सहयोगी अमर दुबे को मुठभेड़ में मार गिराने के बाद गैंगस्टर के एक अन्य सहयोगी को कानपुर के चौबेपुर इलाके में एक मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। एसएचओ चौबे सिंह केएम राय ने बताया, ‘विकास दुबे के सहयोगी श्यामू बाजपेयी को चौबेपुर इलाके में पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। श्यामू बाजपेयी ने 25,000 रुपये के इनामी बदमाश है, मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी है।’
श्यामू बाजपेई को बिकरु हमले के बाद पुलिस तलाश रही थी। इससे पहले सुबह राज्य की स्पेशल टास्क फोर्स ने विकास दुबे के करीबी सहयोगी अमर दुबे को हमीरपुर जिले के मौदहा क्षेत्र में मार गिराया। इसके साथ ही विकास दुबे के असलहों की तलाश में जुटी पुलिस टीम बिकरु गांव में उसके घर के पास बने कुएं का पानी बाहर निकाल रही है। घटना के बाद कुएं में असलहे फेंके जाने की मिली सूचना के बाद से लगातार सर्च जारी है।
विकास दुबे पर बढ़ाई इनामी राशि
पुलिस की गिरफ्त से फरार विकास दुबे पर इनाम राशि बढ़ाकर 5 लाख कर दी गई है। पहले उसपर 50 हजार रुपये की इनामी राशि घोषित की गई थी, उसके बाद इसे बढ़ाकर एक लाख और फिर ढाई लाख कर दिया गया था। हालांकि अभी तक विकास दुबे के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है, जिसको देखते हुए यूपी डीजीपी मुख्यालय ने उसपर घोषित इनाम की राशि को बढ़ा दिया गया है।
अमर दुबे एनकाउंटर में बड़ा खुलासा
हमीरपुर में STF के अमर दुबे के एनकाउंटर होने से पहले वह अपने नजदीकी रिश्तेदार नरोत्तम दीक्षित के घर आया था। रात में रिश्तेदारों से रुकने की भीख मांगता रहा। रिश्तेदारों ने अमर दुबे को घर से जाने को कहा। रात 10 से सुबह 4 बजे तक रिश्तेदारों के यहां रुका था बदमाश अमर दुबे। मौदहा कोतवाली के अरतरा गांव का निवासी है अमर दुबे का रिश्तेदार।